इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के जनता क्वार्टर स्थित मोती बाबा मंदिर में वट सावित्री पूजा के दौरान एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया। भीड़भाड़ के बीच अज्ञात बदमाश ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक जनता क्वार्टर निवासी अल्पना पति अशोक जाधव ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह वट सावित्री का व्रत होने पर मोती बाबा मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा के दौरान उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाकर मंगलसूत्र भी देखा था, जो उस समय मौजूद था।
पूजा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह मंदिर से बाहर निकलीं और दोबारा गले पर हाथ लगाया तो मंगलसूत्र गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। आशंका है कि मंदिर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी बदमाश ने उनके गले से मंगलसूत्र पार कर दिया। परदेशीपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
