चेन्नई, 30 जून (वार्ता) तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी समुद्री खाद्य प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में 21 जून को हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे में दो और प्रभावित महिलाओं की मौत हो जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गयी है।
एक प्रभावित पीड़िता ने रविवार शाम को दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी पीड़िता ने बेहतरीन इलाज के बावजूद आज सुबह तड़के आखिरी सांस ली। अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे प्रभावित श्रमिकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि इस त्रासदी के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विजय ने शोक संतप्त परिवारों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी और घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया था। समिति की अध्यक्षता औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशक, तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और सार्वजनिक स्वास्थ्य के अतिरिक्त निदेशक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार समिति ने तीन दिनों के भीतर राज्य सचिवालय में सरकार को रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए सिफारिशें भी शामिल की हैं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी मीडिया रिपोर्टों के आधार पर गैस रिसाव त्रासदी का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। उन्होंने दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस ने प्रसंस्करण इकाई के मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इस त्रासदी के बाद सरकार ने अगले आदेश तक इस इकाई को सील भी कर दिया है।
