शाजापुर:जिला अस्पताल में स्थित हनुमान मंदिर के पास में किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंचे तहसीलदार और वहां उपस्थित डाक्टरों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद गाली-गलौच हो गई। गाली-गलौच की घटना के बाद जिला अस्पताल में ड्यूटी डाक्टरों ने काम बंद कर दिया है। हनुमान मंदिर के पास में हुए अतिक्रमण हटाने के दौरान यह विवाद हुआ। दोनों ही पक्ष ने अभी तक कोई शिकायत नहीं की है।
तहसीलदार जब अतिक्रमण हटाने पहुंचे तो वहां सिविल सर्जन उपस्थित नहीं हुए। देर तक सिविल सर्जन डॉ बी एस मैना के ना आने पर तहसीलदार सुनील पाटिल भड़क उठे और वहां उपस्थित आर एम ओ डा गोविंद पाटीदार से विवाद हो गया। विवाद में तहसीलदार डाक्टर पाटीदार का मोबाइल छुड़ाने लगे। दोनों के विवाद का वीडियो भी सामने आया है। इस घटना के विरोध में जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले अस्पताल पहुंची और डॉक्टर से एक बंद कमरे में बातचीत कर रही है।इस मामले में जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ गोविंद पाटीदार ने बताया तहसीलदार अतिक्रमण हटाने के लिए यहां आएं थे, इसी दौरान वो चिल्लाने लगे। मेरे द्वारा सिविल सर्जन को मोबाइल पर जानकारी दी जा रही थी,वो मोबाइल छुड़ाने की कोशिश करने लगे। उन्होंने मेरे साथ गाली-गलौच भी की।जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ सचिन नायक ने बताया आज जिला अस्पताल में अतिक्रमण हटाने आएं तहसीलदार ने एक डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार किया। इस मामले में कलेक्टर के नाम एसडीएम मनीषा वास्कले को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
