सब्जी विक्रेता के साथ हाथापाई करने वाले आरक्षक पर होगी कार्रवाई

सीहोर. पुलिस लाइन में पदस्थ एक आरक्षक द्वारा सब्जी का ठेला लगाने वाले व्यक्ति के साथ धक्का-मुक्की करने को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने आरक्षक के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं. मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा को सौंपी गई है.

पुलिस आरक्षक ब्रह्मलाल धुर्वे की हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. पुलिस अफसर आरक्षक को डिफॉल्टर बता रहे हैं. उसकी गलत हरकतों को लेकर पहले भी कई बार उसके खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई हो चुकी है. नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना ने मामले में जांच शुरु कर दी है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को पीडि़त के बयान दर्ज किए गए हैं.

जानकारी के अनुसार पीडि़त पुरुषोत्तम कुशवाह मंडी में सब्जी का ठेला लगाते हैं. पीडि़त ने बताया कि पुलिस आरक्षक धुर्वे आए दिन उनसे बहाने बनाकर रुपए मांगकर ले जाते हैं. ठेला से जो सब्जी खरीदते हैं, उसके भी रुपए नहीं चुकाते हैं. आरक्षक धुर्वे पर करीब 1800 रुपए की उधारी हो चुकी है. गुरुवार को एक बार फिर आरक्षक ब्रह्मलाल धुर्वे पुरुषोत्तम कुशवाह के सब्जी ठेला पर पहुंंचे और रुपए मांगने लगे. दुकानदार ने मना किया तो उसके साथ मारपीट की. पुलिसकर्मी की हरकत का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने जांच के आदेश दिए हैं. बताया जा रहा है कि जांच के बाद आरक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत ने बताया कि

आरक्षक की करतूत का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए आरक्षक ब्रह्मलाल धुर्वे के खिलाफ सीएचपी को जांच के निर्देश दिए गए हैं. सीएसपी मामले की जांच कर रही हैं, जैसे ही जांच रिपोर्ट आएगी, आरक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

सीएसपी ने दर्ज किए पीडि़त सब्जी विक्रेता के बयान

पुलिस अधीक्षक शुक्ला ने मामले की जांच सीएसपी अभिनंदना शर्मा को दी है. शुक्रवार को सीएसपी शर्मा ने पीडि़त पुरुषोत्म कुशवाह को बयान दर्ज करने बुलाया. पीडि़त ने बताया कि रोज आकर रुपए मांगते हैं. कहते हैं अभी तनख्वाह नहीं मिली है, दारु पीने के लिए पैसे नहीं है. आए दिन अड़ीबाजी करते हैं. बताया जा रहा है कि सीएसपी द्वारा जांच रिपोर्ट देते ही पुलिस अधीक्षक शुक्ला आरक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे. आरक्षक धुर्वे के खिलाफ पूर्व में भी गैर हाजिरी और दूसरी शिकायतों को लेकर दण्डात्मक कार्रवाई हो चुकी है.

 

 

Next Post

भारत सांस्कृतिक यात्रा में झलकी लोक और शास्त्रीय कलाओं की अनुपम छटा

Sat Jul 19 , 2025
सतना: एकेएस विश्वविद्यालय प्रांगण में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत सांस्कृतिक यात्रा’ कार्यक्रम में भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत का सजीव प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलाधिपति बी.पी. सोनी ने की एवं महापौर योगेश ताम्रकार मुख्य अतिथि रहे। राजस्थान के कालबेलिया […]

You May Like