इटारसी। भारतीय रेलवे के भोपाल मंडल से जुड़े तीर्थयात्रियों के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा का सुनहरा अवसर उपलब्ध हो रहा है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा संचालित भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 9 सितंबर 2025 को इंदौर से रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन श्रद्धालुओं को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या सहित बाबा बैद्यनाथ एवं काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी।
इस 10 रात और 11 दिनों की यात्रा में ट्रेन मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं अनूपपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी। भोपाल मंडल के रानी कमलापति, और इटारसी स्टेशन से यात्री इस ट्रेन में सवार होकर अपनी धार्मिक यात्रा का शुभारंभ कर सकेंगे। यात्रा के लिए आईआरसीटीसी द्वारा तीन श्रेणियों में शुल्क निर्धारित किया गया है।
स्लीपर क्लास (इकॉनमी) 18,600 रुपए प्रति व्यक्ति
3 एसी श्रेणी (स्टैंडर्ड) 29,700 रुपए प्रति व्यक्ति
2 एसी श्रेणी (कम्फर्ट) 39,000 रुपए प्रति व्यक्ति
इस यात्रा को सर्व-सुविधायुक्त बनाने के लिए आईआरसीटीसी ने यह एक ऑल-इनक्लूसिव पैकेज के रूप में प्रस्तुत किया है, जिसमें एलएचबी कोच युक्त आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड एवं ऑफ-बोर्ड शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन हेतु एसी बसें, यात्रा कार्यक्रम के अनुरूप आवासीय व्यवस्था, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग सेवाएं सम्मिलित हैं।
