ग्वालियर। भारतीय रेलवे 1 जुलाई से नया किराया टैरिफ लागू करने जा रही है. यह बदलाव आम यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वालों की जेब ढीली करेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि कुछ कैटेगिरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है.
रेलवे के नए टैरिफ के अनुसार, सामान्य द्वितीय श्रेणी में 500 किलोमीटर तक यात्रा करने पर कोई वृद्धि नहीं होगी. लेकिन अगर यात्रा 500 किलोमीटर से ज्यादा की है तो प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त देना होगा. इसके अलावा, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वालों को अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा चुकाना पड़ेगा. इसी तरह एसी क्लास के टिकट में सबसे ज्यादा बदलाव किया गया है. इसमें प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है. शहरी ट्रेनों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी.
मासिक सीजन टिकट की दरों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. इससे पहले रेलवे ने टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव का फैसला लिया था. अब तक अगर आप ट्रेन टिकट बुक करते हैं तो आपकी यात्रा से चार घंटे पहले ही पता चल पाता है कि टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं. लेकिन अब रेलवे ने नए सिस्टम पर काम कर रहा है. रेलवे का कहना है कि कन्फर्म सीटों वाला चार्ट यात्रा से 24 घंटे पहले जारी किया जाएगा.
