भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास के नवनिर्मित द्वार पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनावरण किया। इस अवसर पर धार्मिक विद्वानों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। वैदिक घड़ी भारतीय संस्कृति और समय गणना पद्धति की अनूठी पहचान है, जो सूर्य की स्थिति के आधार पर समय दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घड़ी हमारे गौरवशाली इतिहास और परंपरा का प्रतीक है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनरुत्थान और प्रचार-प्रसार के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। अनावरण समारोह के दौरान उपस्थित संत-महात्माओं और ज्योतिषाचार्यों ने इसे सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए महत्वपूर्ण पहल करार दिया।
