अनूपपुर:नगर परिषद राजनगर ने बरसात के मौसम में कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सफाईकर्मी, प्लंबर और बिजली विभाग के कर्मचारियों को रेनकोट वितरित किए हैं। यह वितरण नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह की पहल पर किया गया, जिसे कर्मचारियों ने एक सकारात्मक और संवेदनशील कदम बताया। बरसात के मौसम में जब अकसर कार्य करने में असुविधा और संक्रमण का खतरा रहता है.
ऐसे में रेनकोट का वितरण कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। नगर परिषद प्रशासन पूर्व में भी कर्मचारियों के लिए कई जरूरी सुरक्षा उपकरण वितरित कर चुका है। जिसमें बिजली विभाग के कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट, गमबूट और हैंड ग्लव्स दिए गए हैं। सफाईकर्मियों को नालियों की सफाई के दौरान संक्रमण से बचाने के लिए विशेष गमबूट और उच्च गुणवत्ता के ग्लव्स प्रदान किए गए हैं।
रेनकोट वितरण के अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी राममिलन तिवारी सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा दी जा रही यह सुविधाएं न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं, बल्कि उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास का भी अनुभव हो रहा है। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद समयलाल पटेल, वार्ड 8 के पार्षद गिरजा विश्वकर्मा, वार्ड 9 के पार्षद मनोज चंदेल, वार्ड 6 के पार्षदपति बृजेश कुशवाहा सहित नगर परिषद के सभी कर्मचारी, प्लंबिंग टीम और बिजली विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
