रायपुर 18 जुलाई (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति एक बार फिर गरमा गयी और कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए केंद्र सरकार तथा ईडी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शनिवार को पूरे प्रदेशभर में प्रदर्शन और ईडी का पुतला दहन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश जारी किया है। जिसमें सभी जिला मुख्यालयों में पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के सांसद, विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले में कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के निवास पर जिस तरह से छापा मारा, वह पूरी तरह से बदले की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बघेल परिवार को डराने और धमकाने की कोशिश की गयी है।
श्री बैज ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई लोकतंत्र के खिलाफ है और कांग्रेस इसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने घोषण की कि कल राज्य के सभी ज़िलों में ईडी के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग बताया है।
