नारायणपुर, 18 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को सुरक्षाबलों को बधाई दी जिन्होंने नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में छह नक्सलियों को मार गिराया।
श्री साय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस अभियान में शामिल सुरक्षाबल के सभी वीर जवानों को बधाई देता हूँ और उनके अदम्य साहस को नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि जवानों के पराक्रम से ‘नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़’ का हमारा संकल्प और भी मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हम 31 मार्च 2026 तक देश को पूर्णतः नक्सलमुक्त करने के संकल्प की सिद्धि के लिए दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं जय हिंद।
उल्लेखनीय है कि नारायणपुर ज़िले के अबूझमाड़ जंगल में आज दोपहर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया था।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दलों को नक्सल विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान आज दोपहर से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ चल रही है। उन्होंने बताया कि अब तक तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से छह नक्सलियों के शव, एके-47 और एसएलआर राइफल, कई अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि अभियान अभी जारी है इसलिए सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती, अभियान पूरा होने के बाद इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
