नयी दिल्ली, (वार्ता) वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के ऐतिहासिक 20वें संस्करण के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का आयोजन 12 अक्टूबर को होगा और इसे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा।
भारत के पूर्व हॉकी दिग्गज पीआर श्रीजेश ने उद्घाटन समारोह में कहा, “प्रत्येक वर्ष इसमें अधिक से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं और दौड़ रहे हैं (दिल्ली हाफ मैराथन में), यह लोकप्रिय भी हो रहा है, यह रोमांचक है, लोगों को स्वयं को चुनौती देनी चाहिए, लय में आना चाहिए। बुनियादी विकास घर से ही शुरू होता है, जब माता-पिता बच्चों को दौड़ने, खेलने और सपने देखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। मैंने अपनी पहली बाधा तब तोड़ी जब मैंने केरल जैसे फुटबॉल-प्रेमी राज्य में हॉकी को चुना। तब से मेरा हर कदम दुनिया को नहीं, बल्कि खुद को चुनौती देने के बारे में रहा है। यही भावना मैं वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में भी देखता हूँ।”
दिल्ली सरकार के विधि एवं न्याय, पर्यटन विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “मैं यह घोषणा करना चाहता हूँ कि दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का समर्थन करेंगे। हम इस वर्ष और आने वाले वर्षों में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का हिस्सा रहेंगे। दिल्ली के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण में आयोजन, अर्थव्यवस्था, खेल और फिटनेस शामिल हैं, और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में, हम इसे लागू करने के लिए तैयार हैं।”
वेदांता लिमिटेड की गैर-कार्यकारी निदेशक और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की अध्यक्ष प्रिया अग्रवाल हेब्बार ने कहा, “वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन समुदाय और उद्देश्य की शक्ति का प्रमाण है। पिछले तीन आयोजनों में, उठाए गए हर कदम ने किसी बच्चे को पोषण देने या किसी जानवर को भोजन देने में मदद की है। मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमने ‘रनफॉरजीरोहंगर’ के माध्यम से एक करोड़ 70 लाख से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया है और इस वर्ष, हम इस उपलब्धि को और भी आगे ले जा रहे हैं। इस वर्ष वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 20 साल पूरे होने पर, हम एक उद्देश्य के लिए दौड़ जैसे सामूहिक कार्यों के जरिए भारत के पोषण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। आइए, हम सब मिलकर एक नए भारत का निर्माण करें।”
