शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़े

मुंबई, 22 दिसंबर (वार्ता) विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गयी और प्रमुख सूचकांक ढाई सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 638.12 अंक (0.75 प्रतिशत) की बढ़त में 85,567.48 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 206 अंक यानी 0.79 फीसदी उछलकर 26,172.40 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 05 दिसंबर के बाद का उच्चतम स्तर है। मझौली और छोटी कंपनियों में भी निवेशकों ने खूब पैसा लगाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.76 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.17 प्रतिशत मजबूत हुआ।
टिकाऊ उपभोक्ता उत्पादों को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही। आईटी और धातु सेक्टरों में सबसे अधिक तेजी रही। रसायन, ऑटो, फार्मा, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस समूहों में भी अच्छी मजबूती देखी गयी।

एनएसई में कुल 3,283 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,252 के शेयर हरे निशान में और 923 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 108 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेसेक्स में ट्रेंट का शेयर सबसे अधिक 3.56 फीसदी और इंफोसिस का 3.06 फीसदी चढ़ा। भारती एयरटेल में 2.43 फीसदी, टेक महिंद्रा में 2.09, प्रतिशत से अधिक तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.67 प्रतिशत, बीईएल में 1.57, सनफार्मा में 1.50, मारुति सुजुकी में 1.32, टीसीएस में 1.28 और आईसीआईसीआई बैंक में 1.05 प्रतिशत की मजबूती दर्ज की गयी। अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावर ग्रिड के शेयर भी बढ़त में बंद हुए। भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 0.60 प्रतिशत टूट गया। कोटक महिंद्रा बैंक और इंडिगो के शेयर लाल निशान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.81 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.69 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.43 प्रतिशत चढ़ गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.04 फीसदी ऊपर था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.42 फीसदी की गिरावट रही।

Next Post

चावल, चीनी, दालें मजबूत; गेहूं नरम; खाद्य तेलों में घट-बढ़

Mon Dec 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं में गिरावट रही। चीनी और दालों की कीमतों में भी तेजी रही। वहीं, खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 113 रुपये […]

You May Like