भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में प्रतिवर्ष नवंबर माह को गुणवत्ता माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी गुणवत्ता माह कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य गुणवत्ता को संगठनात्मक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना और उत्पादन की प्रत्येक प्रक्रिया में गुणवत्ता के मानकों को सुनिश्चित करना है।
बीएचईएल के कॉर्पोरेट कार्यालय में निदेशक (ओआरएंडडी) एस. एम. रामनाथन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता केवल नियमित निरीक्षण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उत्पादन के प्रत्येक चरण में इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने खामियों की समय रहते पहचान, त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई, शॉर्टकट से बचने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत बनाने तथा बदलती व्यावसायिक एवं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नवीनतम आईएसओ 9001 मानकों को समय पर अपनाने पर भी जोर दिया।
महाप्रबंधक (गुणवत्ता) जी. पी. बघेल और अपर महाप्रबंधक अनुराग शुक्ला ने सभी कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी और निरंतर सुधार की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रत्येक कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
