
इटारसी। तवा डैम का जलस्तर गुरुवार को बढ़कर 1155.60 फीट तक पहुंच गया है। डैम के एसडीओ एनके सूर्यवंशी ने बताया कि जुलाई महीने तक डैम में 1158 फीट तक पानी मेंटेन करना है। इससे ऊपर जलस्तर बढ़ने पर डैम के गेट खोलने पड़ सकते हैं।
कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश से बढ़ा जलस्तर
डैम में जलस्तर की निर्धारित सीमा के मुताबिक, 15 अगस्त तक 1160 फीट, 31 अगस्त तक 1163 फीट, 15 सितंबर तक 1165 फीट और 30 सितंबर तक 1166 फीट तक पानी रखा जा सकता है। कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश और दो पहले सारणी डैम से छोड़े गए पानी के कारण तवा का जलस्तर बढ़ रहा है।
इटारसी में दो दिन से नहीं हुई बारिश
पिछले दो दिन से इटारसी में बारिश नहीं हुई है। 15 जून से अब तक 481.4 मिलीमीटर (18.95 इंच) बारिश दर्ज की गई है। पिछले साल इसी अवधि में 247.6 मिलीमीटर ( 9.75 इंच) बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार आज से हल्की बारिश की संभावना है।
तापमान की बात करें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को यह क्रमश 30 और 23 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
