
शाजापुर।बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ… अभियान के अंतर्गत शाजापुर जिले की प्रतिभावान बेटियों एवं महिलाओं के लिए आज जिला मुख्यालय पर सम्मान समारोह आयोजित हुआ. समारोह में अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, विधायक अरुण भीमावद, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, डॉ. रवि पाण्डेय सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे. समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं, समाज में विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली प्रतिष्ठित महिलाओं को सम्मानित किया.
मुख्य अतिथि के रूप विधायक भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बेटियों एवं महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिसमें बेटियों का लिंगानुपात बढ़ाना, बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ अभियान भी शामिल है. उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सफलता हासिल कर रही हैं. शाजापुर जिले की महिलाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में काम करके नाम रोशन कर रही हैं.
36 बालिकाओं का किया सम्मान
समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर ख्याति प्राप्त करने वाली 36 बालिकाओं को सम्मानित किया गया. इसी तरह शाजापुर जिले का राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाली बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ ब्राण्ड एम्बेसडर अनुष्का नायक व चन्द्रिका मितौला, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की प्रतिभावान बालिका बमोरी रानी जायसवाल एवं मझानिया की अंजली को सम्मानित किया गया. इसी तरह क्रीड़ा में नेहा चावरे व विनीता, चित्रकलां में पायल व काजल पारस, साहित्य में शिवानी गिरी, कालिदास समारोह में संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रीति जाटव, कालिदास समारोह में श्लोक पाठ करने वाली अनुराधा दरिया, बालरंग लोकगीत संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रजनी बाला मंडलोई, रग्बी में राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति हासिल करने वाली मनीषा भिलाला, एथलेटिक्स डिक्स थ्रो में राज्य स्तर पर पदक पाने वाली खुशी मण्डलोई, अनुगूंज कार्यक्रम में संभाग स्तर पर नेतृत्व करने वाली श्रुति गामी, एनसीसी कल्चरल कार्यक्रम में लाठी चलाने का प्रदर्शन करने वाली गुनगुन चौहान, एनसीसी में कमाण्डर हेमलता सोलंकी, मलखम्ब में योगा प्रदर्शन करने वाली शिवानी उमठ, कालीदास समारोह में संस्कृति में भाषण देने वाली साधना प्रजापति, संभाग स्तरीय एथलेटिक्स में भाग लेने वाली अर्चिता भिलाला व सपना प्रजापति, संगीत कार्यक्रम में भाग लेने वाली संध्या जाटव, विद्यालय स्तर की चित्रकलां प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सरिता ठाकुर, संभाग स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेने वाली मुस्कान खान, महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए कार्य करने वाली अशासकीय संस्था की श्रीमती सीमा शर्मा, महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री नीलम चौहान, बालिकाओं को तलवारबाजी एवं लाठी का प्रशिक्षण देने वाली संस्था प्रमुख अंकित गोविन्द सोनी को भी सम्मानित करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए.
