
मंदसौर। पिपलियामंडी थाना पुलिस ने लाल (रक्त) चंदन की अंतर्राज्यीय तस्करी में लिप्त गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2260 किलोग्राम वजनी लाल चंदन के 180 गठ्ठे बरामद किए गए हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
फिल्मों से मिली तस्करी की प्रेरणा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे फिल्मों से प्रेरित होकर इस अवैध धंधे में उतरे। पुलिस ने दिनांक 16 जुलाई 2025 को वाहन चेकिंग के दौरान आयशर ट्रैक्टर क्रमांक MP 44 AB 7371 से भारी मात्रा में चंदन जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. यतिंद्र पिता विष्णुलाल राठौर, उम्र 34 वर्ष, निवासी दलपतपुरा, थाना जीरन
2. अजय पिता श्यामलाल भील, उम्र 19 वर्ष, निवासी दलपतपुरा, थाना जीरन
फरार आरोपी:
राजेन्द्र उर्फ राजू भाई उर्फ सलीम भाई पिता सालीग्राम पाटीदार, निवासी गोगरपुरा
लाल चंदन (रक्त चंदन) एक दुर्लभ प्रजाति है, जो भारत में मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी घाटों—शेषाचलम, वेलिगोंडा, लंकामाला और पालकोडा पर्वत श्रृंखलाओं में पाई जाती है। इसकी अवैध तस्करी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग के चलते होती है।
