इंदौर: जब कानून नहीं सुने, सुरक्षा के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिलें और जान का डर हर दिन पीछा करे, तो इंसान खुद ही सुरक्षा का इंतज़ाम करने पर मजबूर हो जाता है. गौरी नगर के रहने वाले एक युवक ने भी कुछ ऐसा ही किया उसने अपनी जान की हिफाजत के लिए सिर पर लगाया ‘कैमरा कवच.शनिवार की रात गौरीनगर में बाइक पर घुम रहा एक युवक अचानक कोतुहल का विषय बन गया.
यह युवक अब जब भी घर से बाहर निकलता है, तो सिर पर हेलमेट पहनता है, लेकिन यह सिर्फ सड़क हादसों से बचने के लिए नहीं, बल्कि पड़ोसी हमलावरों की हरकतें रिकॉर्ड करने के लिए है. क्योंकि उसे डर है कि एक दिन उसके साथ कुछ बड़ा हो सकता है, और शायद उस वक्त सबूत ही उसकी सबसे बड़ी ढाल बनेगा. युवक ने इलाके के तीन लोगों पर जानलेवा धमकियों और लगातार प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मामले में पता चला है कि इनके साथ संपत्ति से जुड़ा विवाद लंबे समय से चल रहा है.
युवक का कहना है कि ये तीनों उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं. पुलिस को कई बार शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. थक-हारकर युवक ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और अपने हेलमेट कवच की तस्वीरें और वीडियो वहां साझा कर दिए. युवक का यह ‘हाईटेक सुरक्षा उपाय’ सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. लोग कह रहे हैं कि यह हेलमेट जितना हाईटेक दिखता है, सिस्टम उतना ही फेल नजर आता है.
कई यूजर्स ने इसे ‘व्यवस्था पर तमाचा’ बताया है, जहां नागरिक खुद को बचाने के लिए इस हद तक जाने को मजबूर हैं. जब इस मामले में स्थानीय पुलिस से पूछा गया, तो जवाब मिला “मामले की जांच की जा रही है. हालांकि युवक और उसका परिवार अब भी खौफ के साए में है और उम्मीद लगाए बैठा है कि शायद अब किसी कार्रवाई की शुरुआत होगी… या शायद अगला वीडियो किसी बड़ी घटना का सबूत बन जाए.
