पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत रही जीडीपी विकास दर, कृषि और सेवा क्षेत्र का बेहतरीन प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) कृषि और सेवा क्षेत्र के दमदार प्रदर्शन से चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर बढ़कर 7.8 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़े में बताया गया है कि पहली तिमाही में स्थिर मूल्य पर देश का जीडीपी 47.89 लाख करोड़ रहा जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के 44.42 लाख करोड़ से 7.8 प्रतिशत अधिक है। यह वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही के बाद की सबसे बड़ी वृद्धि दर है। वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में जीडीपी विकास दर 6.5 प्रतिशत रही थी।

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जिन क्षेत्रों में बड़ी वृद्धि दर्ज की गयी उनमें कृषि, पशुपालन, वानिकी एवं मत्स्य पालन की विकास दर 3.7 प्रतिशत रही जबकि एक साल पहले यह 1.5 प्रतिशत रही थी। वित्त, रियल एस्टेट एवं पेशेवर सेवाओं की विकास दर 6.6 प्रतिशत से बढ़कर 9.5 प्रतिशत हो गयी। व्यापार, होटल, परिवहन, संचार एवं प्रसारण से संबंधित सेवाओं की वृद्धि दर एक साल पहले की 5.4 प्रतिशत मुकाबले 8.6 प्रतिशत रही।

इसके अलावा, पहली तिमाही में विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 7.7 प्रतिशत रही जो पिछले साल समान तिमाही में 7.6 प्रतिशत पर थी। लोक प्रशासन, रक्षा एवं अन्य सेवाओं की विकास दर 9.0 प्रतिशत से बढ़कर 9.8 प्रतिशत पर पहुंच गयी।

बिजली, गैस, जलापूर्ति एवं अन्य यूटिलिटी सेवाओं की विकास दर में बड़ी गिरावट देखी गयी और यह 0.5 प्रतिशत पर आ गयी। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यह 10.2 प्रतिशत रही थी। खनन क्षेत्र की विकास दर शून्य से 3.1 प्रतिशत नीचे रही यानि इस क्षेत्र में गतिविधियों में गिरावट रही। एक साल पहले इसकी विकास दर 6.6 प्रतिशत रही थी।

 

Next Post

संजय टाइगर रिजर्व में बाघ शिकार कांड के सभी आरोपी गिरफ्तार 

Fri Aug 29 , 2025
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत दुबरी वृत में 19 अगस्त 2025 को करेंट लगाकर बाघ का शिकार किया गया था। इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर डॉग स्कॉड और वन अमले ने जांच की। जांच में खरबर ग्राम के चार आरोपी धर्मपाल उर्फ मुंडू बैगा, नानदाऊ बारडोलिया, राजेश […]

You May Like