
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के स्थायी कर्मी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष यतेंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट सहित अंचल के मंत्री एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपे गए। इसमें तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर नियमितीकरण, सातवें वेतनमान का लाभ, अर्जित एवं मेडिकल अवकाश की सुविधा तथा चतुर्थ श्रेणी के स्थायी कर्मियों को नियमित रिक्त पदों पर नियुक्त करने मांग की है।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौड़, साहब सिंह गुर्जर, डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, सुरेश राजे, दिनेश सिंह को ज्ञापन देकर मांगे पूरी करने की गुहार लगाई। प्रभारी मंत्री सिलावट ने संघ को आश्वासन दिया कि जल्द ही मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री के साथ बैठक कराई जाएगी।
ज्ञापन में उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, सचिव द्वारिका प्रसाद झा, संयुक्त सचिव जयराम रजक, कोषाध्यक्ष दिलीप कुशवाह आदि स्थायी कर्मचारी उपस्थित रहे।
