मंडला :राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 पर स्थित फूलसागर पुल की बदहाल स्थिति एक बार फिर जनमानस के आक्रोश का कारण बन गई है। यह पुल जबलपुर-रायपुर जैसे महत्वपूर्ण मार्ग को जोड़ता है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। लगातार बारिश के चलते पुल की स्थिति और भी खतरनाक हो चुकी है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि इस पुल की जर्जर हालत को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को सूचित किया गया, लेकिन हर बार या तो खानापूर्ति की गई या फिर पुल पर केवल डामल डालकर काम खत्म कर दिया गया।पूर्व में सड़क निर्माण कंपनी द्वारा भी इस पुल की मरम्मत को लेकर केवल औपचारिकता निभाई गई थी, जबकि पुल की नींव और सतह की असल स्थिति को नजरअंदाज कर दिया गया। नतीजतन, अब मानसून में यह पुल बड़े-बड़े गड्ढों और उखड़े हुए डामर के कारण जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभाग और प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। आए दिन दोपहिया वाहन चालकों और छोटे वाहनों के फंसने या फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।जनता की मांग है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस प्रमुख पुल की शीघ्र मरम्मत की जाए और स्थायी समाधान खोजा जाए, ताकि आवागमन सुचारु रहे और नागरिकों की जान जोखिम में न पड़े।
