रुपया डॉलर के मुकाबले 42.50 पैसे कमजोर

नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) अमेरिका में आयात शुल्क पर ट्रम्प प्रशासन के फैसले से पूर्व व्याप्त अनिश्चितता के वातावरण सोमवार को अंतर बैंक विदेशी बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 42.50 पैसे तेज गिरावट से 85.8150 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को बाजार 85.39 पर बंद हुआ था।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि उनका प्रशासन विभिन्न देशों के खिलाफ आयात शुल्क के बारे में अपने निर्णय आज से प्रेषित करना शुरू कर देगा। राष्ट्रपति ट्रम्प ने अप्रैल में विभिन्न देशों पर 10 प्रतिशत के मूल शुल्क के ऊपर ऊंची दर से जवाबी शुल्क लगाने की घोषणायें की थी। भारत पर 26 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की गयी थी। श्री ट्रम्प ने इनका कार्यान्वयन 90 दिन के लिए स्थगित कर दिया था और यह समय सीमा नौ जुलाई को समाप्त हो रही है। इस दौरान उन्होंने लक्षित देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता करने का समय दिया है।

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (जिंस एवं करेंसी प्रभाग) जतिन त्रिवेदी ने विदेशी विनियम बाजार की ताजा स्थिति पर एक टिप्पणी में कहा, “ अमेरिकी व्यापार सौदों पर नये सिरे से अनिश्चितता के बीच डॉलर में मजबूती आने से रुपया कमजोर हुआ है। 90-दिन की अवधि समाप्त होने के करीब है और अभी तक (अमेरिका के साथ) कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है, इसलिए बाजार की धारणा सतर्क हो गयी है। अब सभी की निगाहें अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक के विवरण पर है जो जारी किए जाने वाले हैं। इनसे आगे की डॉलर की दिशा मिल सकती है।”

श्री त्रिवेदी का आकलन है कि निकट भविष्य में रुपया 85.25 से 86.25 प्रति डालर के बीच घट-बढ़ सकता है।

फाइनेंशियल बेंचमार्क इंडिया लि (एफबीआईएल) के अनुसार सात जुलाई, 2025 को प्रमुख मुद्राओं के साथ भारतीय रुपये की विनिमय दर इस प्रकार रही- प्रति डालर- 85.8150, प्रति यूरो 100.8629, प्रति पौंड (ब्रिटेन) 116.7622 और प्रति सैकड़ा जापानी येन 59.1500 ।

 

Next Post

मद्रास उच्च न्यायालय ने चुनाव मामले में पूर्व अन्नाद्रमुक मंत्री की याचिका खारिज की

Mon Jul 7 , 2025
चेन्नई 07 जुलाई (वार्ता) मद्रास उच्च न्यायालय ने अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नाथम आर विश्वनाथ की ओर से दायर याचिकाओं को सोमवार को खारिज कर दिया, जिसमें द्रमुक की तरफ से पेश चुनाव याचिका को खारिज करने की मांग की गयी थी। न्यायमूर्ति पी.टी. आशा ने विश्वनाथन […]

You May Like