
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिला कलेक्टर संदीप जी. आर. के निर्देश पर सोयाबीन का अवैध भंडारण करने वाले व्यापारियों पर पुलिस कार्यवाही कर प्रकरण दर्ज किया गया।एसडीएम नवीन सिंह ठाकुर ने बताया कि उड़नदस्ता दल द्वारा कृषि उपज मंडी समिति शाहगढ़ के व्यापारियों की दुकान/गोदामों में भंडारित सोयाबीन उपज का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई फर्मों की दुकान/गोदामों पर सोयाबीन का अवैध भंडारण पाया गया, जिससे शासन द्वारा संचालित भावांतर योजना 2025 में दुरुपयोग की संभावना उत्पन्न होती है। उक्त अवैध भंडारण को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316, 318 सहित विभिन्न उपबंधों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। व्यापारिक फर्मों गुप्ता ब्रदर्स शाहगढ़,राघव ट्रेडर्स शाहगढ़, गुरुकृपा ट्रेडर्स शाहगढ़,गुरुदेव ट्रेडर्स शाहगढ़, नयन ट्रेडर्स शाहगढ़,
सुपार्श्वनाथ ट्रेडिंग कंपनी शाहगढ़ के विरुद्ध पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
