ग्वालियर: आज तड़के नवसवंत्सर स्वागोत्सव महोत्सव में सूर्य की प्रथम रश्मि को अर्घ्य देकर कालयुक्तनाम नवसवंत्सर का स्वागत किया गया। नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष की भांति नवसवंत्सर स्वागोत्सव महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः 4.40 बजे संकीर्तन यात्रा निकाली गई, 4.45 बजे गीत ‘‘ज्योतिकलश छलके’’-श्रीमती लक्ष्मी धवल ने प्रस्तुत किया, इसके बाद 5.01 बजे दीप प्रज्वलन एवं गुडी पूजन किया गया। श्रीमती वैशाली मोघे ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया।
सर्वधर्म प्रार्थना में जैन वाणी, वैदिक ऋचाएं गाई गईं। सुप्रभात गायन नरेन्द्र कुटे ने, संकल्प गीत- इतनी शक्ति नवनीत कौशल ने प्रस्तुत किया। निवेदन गीत के बाद भगवान सूर्य को अर्ध्य एवं सूर्य स्तुति की गई। महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार ने शुभकामना संदेश पढ़ा। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी हुई। शिव पंचक पर ओडिसा के कलाकारों ने नृत्य अभिनय करते हुए शिव को समर्पित मोहिनीअट्टम प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्यक्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर, मध्यभारत प्रांत सहकार्यवाह विजय दीक्षित, संगीत विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो स्मिता सहस्त्रबुद्धे, नगर निगम आयुक्त संघप्रिय, सभापति मनोज सिंह तोमर, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, आईआईटीटीएम के निदेशक डॉ आलोक शर्मा, संस्कार भारती की ओर से महानगर अध्यक्ष डॉ संजय धवले, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश चंद्र दुबे, प्रांत महामंत्री मोतीलाल, अभा मातृ शक्ति संयोजक अनीता करकरे सहित शेखर दीक्षित, आशुतोष वाजपेई आदि मौजूद रहे।
