
शिवपुरी। डाक विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। डाक विभाग के स्थापना निदेशालय ने शिवपुरी डाक संभाग के गठन को मंजूरी दे दी है। यह नया डिवीजन मुरैना और गुना डाक संभागों के पुनर्गठन से अस्तित्व में आएगा। आदेश में साफ किया गया है कि इस डिवीजन के संचालन और पुनर्गठन से जुड़े खर्च को मौजूदा फंड आवंटन से ही पूरा किया जाएगा और कोई अतिरिक्त रकम नहीं मिलेगी। साथ ही 1 साल बाद इस नए डिवीजन की समीक्षा की जाएगी, जिससे इसकी प्रभावशीलता का आंकलन किया जा सके।डायरेक्टर (ईस्ट) अर्नब अइच के मुताबिक अब शिवपुरी जिले के लोगों को डाक सेवाओं के लिए मुरैना या गुना जैसे दूरस्थ डिवीजनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। शिवपुरी डिवीजन बनने से स्पीड पोस्ट, पार्सल, कोरियर, आधार सेवाएं, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, बुजुर्ग पेंशन वितरण जैसे काम स्थानीय स्तर पर तेजी से हो सकेंगे। इससे डिलीवरी टाइम घटेगा और लोगों की समस्याओं का हल जल्द होगा।
