नपा की नापतौल:तोडफ़ोड़ कम हो इसलिए एक बार फिर नपती

सीहोर. अतिक्रमण के कारण भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक बनने वाले मार्ग का कार्य लगातार टलता जा रहा है. क्षेत्र के सौ से अधिक रहवासियों के मकान व दुकान निर्माण की सीमा में आने के कारण तोड़े जाना है, लेकिन भारी विरोध को देखते हुए रविवार को एक बार फिर नपा द्वारा क्षेत्र की नपती की गई है. इस दौरान कई मकानों पर नए सिरे से मार्किंग की गई है.

लगातार कई साल से भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक टूलेन सड़क निर्माण का मामला अटका हुआ है, क्योंकि सड़क निर्माण की राह में दोनों तरफ के अनेक मकान और दुकानें अड़चनें बनी हैं. यही कारण रहा कि सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था. हालांकि बीते माह जिला मुख्यालय पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस सड़क निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया था. उसके बाद से जिला प्रशासन और नपा द्वारा एक बार फिर सड़क निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है.

नपा द्वारा इंग्लिशपुरा से कोतवाली चौराहे तक शताधिक लोगों को नोटिस थमाकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था. इसके अलावा कई मकानों पर लाल निशान भी लगाए गए थे, लेकिन कहानी इससे आगे नहीं बढ़ सकी. पांच दिन पहले नपा ने अतिक्रमणकारियों को २४ घंटे में अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए थे. इसके बाद इंग्लिशपुरा क्षेत्र के रहवासी कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे. उन्होंने जिला प्रशासन को आवेदन देकर हस्तक्षेप करने का निवेदन किया था.

अतिक्रमण हटाने को लेकर विरोध को देखते हुए नपा ने एसडीएम को पत्र लिखकर सीमांकन करने को कहा था. हैरत की बात तो यह है कि सीमांकन में रोड 73 फिट से अधिक निकल आया. अगर इस नाप से सड़क बनती है तो कई मकान व दुकानें पूरी तरह नष्ट हो जाएंगी. ऐसे में नपा ने बीच का रास्ता निकाला है. रविवार को नपा के कर्मचारी फिर नपती करने पहुंचे. नपती में पाया गया कि अगर सड़क की चौड़ाई ५२ फिट रखी जाती है तो मकानों व दुकानों को ज्यादा नुकसान नहीं होगा. किसी का छज्जा तो किसी की एक दीवार ही टूटेगी. हालांकि नपती करने पहुंचे नपा कर्मियों को देखकर क्षेत्र में हड़कंप का माहौल निर्मित हो गया था. इस दौरान कई मकानों पर एक बार फिर मार्किंग कर लाल निशान लगाए गए हैं. संभवत: एक सप्ताह में सड़क निर्माण की राह प्रशस्त हो जाएगी.

मछली पुल से लुनिया चौराहा तक भी हटेगा अतिक्रमण

मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा मछली पुल से लुनिया चौराहा तक अतिक्रमण को हटाने के लिए भी शताधिक लोगों को नोटिस दिए हैं. नपा अधिकारी की मानें तो लोगों ने दुकानों के सामने टीनशेड लगा रखे हैं तो कईयों ने पक्के निर्माण भी कर लिए हैं. ऐसे में सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर 15 दिन में अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए हैं. अब देखना है कि नपा यह नोटिस देने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती है या नहीं, क्योंकि पूर्व में भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक के रहवासियों को भी इसी तरह नोटिस थमाए गए थे तो इसी तरह एक्सीलेंस स्कूल से लुनिया चौराहा तक फोरलने बनाने के लिए 250 से अधिक अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए थे. कई लोगों ने खुद अपने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिए थे, लेकिन उसके बाद से कहानी आगे नहीं बढ़ सकी थी. कहीं यहां भी नोटिस तक ही सीमित न रह जाएं.

शीघ्र ही प्रारंभ होगा सड़क निर्माण कार्य

हमारा प्रयास है कि भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक बनने वाली सड़क शहर की सबसे खूबसूरत सड़क बने. चौड़ी सड़क बनाने के साथ दोनों छोर पर नालियों का निर्माण किया जाएगा तो बीच में डिवायडर बनाकर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी. हमने एक बार फिर क्षेत्र की नपती कराई है ताकि लोगों का नुकसान न के बराबर हो और सड़क बनाने के लिए पर्याप्त जगह भी मिल जाए. शीघ्र ही काम प्रारंभ होगा.

सुधीर कुमार,

मुख्य नपाधिकारी सीहोर

Next Post

अमृत भारत स्टेशन: शिवराज ने गंजबासोदा रेलवे स्टेशन पर काम की प्रगति का जायजा लिया

Sun Jul 6 , 2025
भोपाल।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को गंजबासोदा रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का मुआयना किया. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति को लेकर शिवराज ने जानकारी भी ली. इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर का भ्रमण कर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन संरचनाओं तथा […]

You May Like