
राजगढ़। मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहनों में रतलाम के एक पेट्रोल पम्प से डीजल डलवाने पर डीजल में पानी मिला पाये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था. इस पर उक्त पम्प को सील कर दिया गया था तथा इसके बाद खाद्य मंत्री द्वारा प्रदेश के सभी पेट्रोल पम्पों की गहन जांच के निर्देश दिए गये. इसी तारतम्य मेें मंगलवार को जब राजगढ़ में एक पम्प का निरीक्षण किया गया तो उसके डीजल स्टोरेज टेंक में पानी पाया गया. इसके बाद उक्त पम्प को सील कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार राजगढ़ में बायपास स्थित संचालित स्वामी रामेश्वर कृपा पेट्रोल पम्प पर डीजल स्टोरेज टेंक में पानी की मात्रा पाए जाने पर प्रशासन द्वारा पेट्रोल पम्प को सील करने की कार्यवाई की गई.
नायब तहसीलदार ऋषभ परतेती एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती स्वाती वायकर के द्वारा राजगढ़ में संचालित स्वामी रामेश्वर कृपा पेट्रोल पम्प का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान डीजल स्टोरेज टेंक में पानी पाया गया. इसके बाद पेट्रोल पम्प को सील करने की कार्यवाई की गई.
सेम्पल लिए
स्टोरेज टेंक में पानी की मात्रा मिलने पर पानी मिश्रित डीजल के सेम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गये है. अधिकारियों के द्वारा उक्त कार्यवाई पम्प के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान की गई.यह कार्यवाई एसडीएम रत्नेश श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई.
नई तकनीक के वाहन हो रहे खराब
विदित है कि वर्तमान में बीएस -6 अत्याधुनिक टेक्नालॉजी से निर्मित इलेक्ट्रॉनिक सेंसर वाले वाहन में यदि थोड़ा भी पानी डीजल, पेट्रोल के साथ चला जाता है तो इन वाहन के इंजन में बड़ी खराबी निर्मित हो जाती है. ऐसे में कई बार डीजल, पट्रोल के साथ पानी चले जाने से ऐसे वाहनों के इंजन खराब हो जाते है जिनको दुरस्त करवाने में वाहन मालिक को एक बड़ी राशि का वहन करना पड़ता है. पानी के कारण ऐसे वाहनों के इंजन की कार्यक्षमता पर भी बुरा असर पड़ता है.
