कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव के निर्णायक दौर के लिए मतदान: वामपंथी और दक्षिणपंथी उम्मीदवार आमने-सामने

बोगोटा, 21 जून (वार्ता) कोलंबिया में शनिवार को पहले दौर के राष्ट्रपति चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को स्पष्ट बहुमत (50 प्रतिशत से अधिक वोट) न मिलने के कारण अब अंतिम दौर का मतदान हो रहा है। इसकी गिनती भी आज रात से ही शुरू हो जायेगी और देर रात तक निर्णायक रुझान भी आ जायेंगे। इस चुनाव में दो बिल्कुल विपरीत विचारधाराओं के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। पहले दौर की मतगणना में धुर दक्षिणपंथी वकील और व्यवसायी एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला 43.7 प्रतिशत वोटों के साथ शीर्ष पर रहे। मौजूदा वामपंथी राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के सहयोगी और सांसद इवान सेपेदा 41 प्रतिशत वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि चुनावी सर्वेक्षणों में श्री सेपेदा के आगे रहने की उम्मीद जतायी गयी थी।

इस बीच, तीसरे स्थान पर रहीं उदारवादी रूढ़िवादी पालोमा वैलेंसिया (सात प्रतिशत से कम वोट) ने श्री एस्प्रिएला को अपना समर्थन दे दिया है।
चुनाव के इन प्राथमिक नतीजों पर राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने बिना किसी सबूत के गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इन्हें स्वीकार करने से इनकार कर दिया है और अंतिम समीक्षा का इंतजार करने का कहा है। दूसरी ओर, चुनाव अधिकारियों ने मतदान को पूरी तरह सामान्य और सही बताया है। यह चुनावी अभियान ड्रोन हमलों, अपहरणों और पिछले वर्ष एक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की जनसभा में हुई हत्या सहित भारी हिंसा से प्रभावित रहा है। दोनों उम्मीदवार दशकों पुराने आंतरिक सशस्त्र संघर्ष को सुलझाने के लिए अलग-अलग नीतियां लेकर आये हैं। ‘द टाइगर’ के नाम से मशहूर श्री एस्प्रिएला ने अपराधियों पर सख्त सैन्य कार्रवाई, अमेरिका के सहयोग से ड्रग माफियाओं पर बमबारी और अल साल्वाडोर की तर्ज पर जंगलों में 10 मेगा-जेलें बनाने का वादा किया है, हालांकि अतीत में जालसाजों और विवादास्पद लोगों के मुकदमे लड़ने के कारण वे विवादों में भी रहे हैं।

दूसरी तरफ वामपंथी उम्मीदवार इवान सेपेदा वर्ष 2016 में ‘फार्क’ गुरिल्ला समूह से हुए ऐतिहासिक शांति समझौते के मुख्य सूत्रधार रहे हैं। वे राष्ट्रपति पेट्रो की ‘पूर्ण शांति’ की रणनीति आगे बढ़ाना चाहते हैं, जो सैन्य कार्रवाई के बजाय बातचीत को प्राथमिकता देती है। आलोचकों का मानना है कि पेट्रो के कार्यकाल में कोकीन का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ और सशस्त्र समूहों का दायरा बढ़ा। इसके विपरीत, सरकार का दावा है कि इस दौरान इतिहास की सबसे बड़ी ड्रग्स जब्ती की गयी और न्यूनतम मजदूरी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई, फिर भी देश की एक-तिहाई आबादी अब भी गरीबी में जी रही है। श्री सेपेदा ने जीतने पर आर्थिक सुधारों और आंतरिक संघर्ष के पीड़ितों को जमीन सौंपने का संकल्प लिया है। आज हो रहे इस चुनाव के नतीजे अमेरिका और पड़ोसी देशों के साथ कोलंबिया के संबंधों की दिशा तय करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लातिन अमेरिका में ड्रग माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और क्षेत्र के कई देश हाल ही में दक्षिणपंथ की ओर झुके हैं। जहां श्री सेपेदा अमेरिका के प्रति स्वतंत्र रुख रखने के पक्षधर हैं, वहीं श्री ट्रंप के प्रशंसक डी ला एस्प्रिएला अमेरिका के साथ सुरक्षा गठबंधन को और मजबूत करना चाहते हैं।

Next Post

अमेरिका-ईरान ने स्विट्जरलैंड में बातचीत के दौरान परमाणु समझौते और लेबनान युद्धविराम पर दिया जोर

Sun Jun 21 , 2026
ज्यूरिख/बर्गनस्टॉक, 21 जून (वार्ता) अमेरिका-ईरान के बीच रविवार को स्विट्जरलैंड में सीधी बातचीत शुरू होने जा रही है। इसमें पाकिस्तान मुख्य मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। तीनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी वार्ता के नये दौर के लिए इस देश में एकत्र हुए हैं। इस बातचीत का उद्देश्य हाल ही […]

You May Like