
इंदौर. महू के समीप इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा बुधवार सुबह भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. हादसे के बाद टनल का काम तत्काल रोक दिया है और मलबा हटाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
घटना सुबह करीब 4 बजे चोरल क्षेत्र स्थित टनल नंबर-3 में हुई, जहां देर रात से मजदूर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक सुरंग की छत का करीब 18 मीटर ऊंचा और 16 मीटर चौड़ा हिस्सा ढह गया. मलबे में दबकर झारखंड में रहने वाले मजदूर 29 वर्षीय विकास राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिंगरौली में रहने वाले 26 वर्षीय लालजी कौल गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे तत्काल इंदौर के तेजाजी नगर स्थित जीवन ज्योति अस्पताल लाया गया, जहां से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया था, यहां इलाज के दौरान लालजी ने भी दम तोड़ दिया. इस हादसे में मरने वालों की संख्या दो हो गई है. हादसे की सूचना मिलते ही महू एसडीएम राकेश परमार, सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार और एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि हादसे की वजह संभवतः भारी बारिश रही, जिससे टनल की मिट्टी कमजोर हो गई थी. मलबा हटाने के लिए दो पोकलेन मशीनों को लगाया गया है और डंपरों की मदद से मलबा बाहर गया. घटना के बाद अन्य मजदूरों को टनल से बाहर निकाल लिया है. वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. इस हादसे ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने सुरंग निर्माण कार्य को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. यह भी जांचा जा रहा है कि क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था.
