चंबल को हराकर बुंदेलखंड बनी MPL 2025 की महिला चैंपियन

ग्वालियर। मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश लीग 2025 के महिला वर्ग में बुंदेलखंड बुल्स ने फाइनल में चंबल घड़ियाल्स को 26 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही बुंदेलखंड पहले सीजन की चैंपियन बन गई है। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए बुंदेलखंड ने 122/8 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में चंबल की टीम पूरे ओवर खेलकर भी केवल 96 रन ही बना सकी।

बुंदेलखंड को आयुषी शुक्ला और अनुष्का शर्मा की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवरों में 60 रन जोड़े थे। आयुषी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में सर्वाधिक 36 रनों का योगदान दिया। अनुष्का ने 30 गेंदों में 26 रन बनाए। अनन्या दुबे ने भी 19 गेंदों में 21 रनों का योगदान दिया। चंबल के लिए धानी भूचाड़े ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए चंबल ने केवल चार के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 19 के कुल योग पर उनका दूसरा विकेट भी गिर गया। चंबल की टीम इसके बाद काफी धीमी बल्लेबाजी करने लगी और वे सिंगल भी नहीं ले पा रहे थे। 14वें ओवर में उन्होंने 44 के स्कोर पर अपना पांचवा विकेट गंवाया। 14 ओवर के बाद भी टीम का टोटल 50 नहीं हो पाना दिखा रहा था कि उनकी बल्लेबाजी कितनी धीमी है।

कप्तान सौम्या तिवारी ने नाबाद 31 रन तो बनाए लेकिन इसके लिए उन्होंने 48 गेंदों का सामना कर लिया। वह अपने टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, लेकिन उनकी धीमी बल्लेबाजी ने टीम पर दबाव कायम किया। चंबल के स्कोर में 10 अतिरिक्त रन भी थे। मुस्कान विश्वास ने चार ओवर में केवल 13 रन देकर दो विकेट चटकाए। मैच देखने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पहुंचे।

 

Next Post

अचानक जनजाति छात्रावास पहुँचे प्रभारी मंत्री सिलावट

Wed Jun 25 , 2025
ग्वालियर। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने हुरावली स्थित शासकीय जनजातीय महाविद्यालयीन बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की रसोई, भण्डार, कमरों में उपलब्ध पलंग, चादर व सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति के बच्चों के लिये उपलब्ध कराई जा रहीं अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ […]

You May Like