
नयी दिल्ली,24 जून (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मंगलवार को एक फार्मा कंपनी में जहरीली गैस के कारण दो लोगों की मौतों से संबंधित मामले में आंध्र प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव और अनकापल्ली के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी करके दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
एनएचआरसी ने अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है जिसमें दुर्घटना में घायल हुए एक व्यक्ति के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गयी है। घायल का एक अस्पताल में पर इलाज चल रहा है।
यहां जारी एक बयान में एनएचआरसी ने कहा कि उसने “एक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया है कि इस वर्ष 11 जून को आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में एक दवा कंपनी के अपशिष्ट उपचार संयंत्र में रात्रि पाली में काम करते समय जहरीली गैस की रिसाव की वजह से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और अन्य एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यदि समाचार रिपोर्ट की विषय-वस्तु सही है तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों का उल्लंघन का गंभीर मुद्दा बनता है।”
