मूंग और उड़द की मूल्य समर्थन योजना पर होगी खरीद

मूंग और उड़द की मूल्य समर्थन योजना पर होगी खरीद

नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) केंद्र सरकार ने किसानों काे राहत देने के लिए मूंग और उड़द की खरीद मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत करने की घोषणा की है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार काे यहां एक बैठक में मध्य प्रदेश में मूंग और उड़द तथा उत्तर प्रदेश में उड़द को मूल्य समर्थन योजना (पी.एस.एस) के अंतर्गत खरीदने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। उन्होंने खरीद से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर राज्य के कृषि मंत्रियों के साथ चर्चा की और नेफेड, एन.सी.सी.एफ. और राज्य के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मध्य प्रदेश के लिए राज्य सरकार से प्राप्त प्रस्ताव पर मंत्रालय के विचार करने तथा केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार और अन्यों के साथ बैठक के उपरांत पी.एस.एस. के अंतर्गत राज्य में ग्रीष्मकालीन मूंग तथा ग्रीष्मकालीन उड़द खरीद करने की मंजूरी प्रदान की गई है। उत्तरप्रदेश में पी.एस.एस. के अंतर्गत राज्य में ग्रीष्मकालीन उड़द खरीद करने की मंजूरी प्रदान की गई है।

श्री चौहान ने कहा कि मूंग और उड़द की खरीद के फैसले से केंद्र सरकार को वित्तीय भार वहन करना पड़ेगा, लेकिन इसके बावजूद सरकार किसान हित में किसानों तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खरीद का सही तरीका सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसानों से सीधे खरीद से ही बिचौलियों की सक्रियता कम होगी और लाभ सही मायनों में किसान तक पहुंच पाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आधुनिकतम और कारगर प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के साथ किसानों के पंजीकरण की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर खरीद केंद्रों की संख्या में भी इजाफा करना चाहिए और उचित तथा पारदर्शी व्यवस्था के साथ खरीद सुनिश्चित होनी चाहिए।

श्री चौहान ने भंडारण में अनियमितताओं की शिकायत को लेकर भी चिंता व्यक्त की और अधिकारियों और कृषि मंत्रियों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने के प्रयास करने को कहा। उन्हाेंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में हरसंभव काम करेगी।

Next Post

‘चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को बातचीत के लिए आमंत्रित किया’

Tue Jun 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) चुनाव आयोग ने विपक्ष के नेता राहुल गाँधी को महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव को लेकर उनके किसी भी सवाल पर बातचीत के लिए उन्हें पत्र लिख कर आमंत्रित किया है। आयोग के सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा के चुनावों के मुद्दे पर […]

You May Like