
छिंदवाड़ा. आज लोकायुक्त भोपाल की टीम ने शहर के प्रोफेसर कॉलोनी में स्थित वन विभाग के एसडीओ के घर में छापामार कार्रवाई की. इस कार्रवाई में लोकायुक्त की टीम को करोड़ो रुपए के सोने चांदी के जेवरात , नगदी रकम सहित लाखों के दो पहिया और चार पहिया वाहन मिले है. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रोफेसर कॉलोनी निवासी संजीव कुमार शर्मा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पचमढ़ी में एसडीओ के पद पर पदस्थ है. संजीव शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत भोपाल लोकायुक्त से की गई थी. उक्त शिकयत होने के बाद आज अल सुबह लोकायुक्त भोपाल की टीम ने प्रोफेसर कॉलोनी स्थित संजीव शर्मा के निज निवास पर छापामार कार्रवाई की. कार्रवाई सुबह से शुरू हुई और देर शाम तक चलती रही. लोकायुक्त की टीम ने पूरे मकान की बारकी से जांच की वहीं दस्तावेजों की जांच की. जांच के दौरान लोकायुक्त डीएसपी अजय मिश्रा ने बताया की संजीव शर्मा के घर से नगदी 3,01,800 रुपए , सोना 927.924 ग्राम कीमत 3,45,74,416 रुपए ,चांदी 356 ग्राम कीमत 34 हजार रुपए , एक बुलेट कीमत लगभग 4 लाख रुपए, एक स्कूटी कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए , एक कार केयूवी 100 महिंद्रा कीमत 5 लाख रुपए एवं घरेलू सामान बरामद किया. भोपाल लोकायुक्त ने संजीव शर्मा के खिलाफ धारा 13(1) (बी), 13(2) पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) का अपराध पंजीबद्ध किया है.
