जबलपुर: कटंगी थाना अंतर्गत हिरन नदी पुल पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पौड़ी गांव निवासी बृजेंद्र लोधी 30 वर्ष अपने दोस्त बुद्धू ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। बाइक बृजेंद्र खुद चला रहा था। जैसे ही वे हिरन नदी के बड़े पुल पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठा बुद्धू ठाकुर छिटककर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा।
किस्मत अच्छी होने के कारण उसे मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। वहीं, बृजेंद्र सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
