
छतरपुर।महोबा जिले के ग्राम डगरिया में 17 दिन पहले हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। जानकारी के अनुसार, कंचन विश्वकर्मा अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर में थी, जब अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कंचन और दोनों बच्चे बुरी तरह झुलस गए थे। उन्हें तत्काल महोबा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई थी।
गंभीर हालत के कारण मां कंचन विश्वकर्मा और उसकी बेटी को छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार दोनों का इलाज कर रही थी, लेकिन मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बच्ची ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
फिलहाल कंचन विश्वकर्मा का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
