एक तरफा प्रेम की सनक में की थी युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आमगांव फाटा चौक पर एक युवक ने दिनदहाड़े 23 वर्षीय युवती रितु भंडारकर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। रितु आईटीआई की छात्रा थी और बैहर की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करती थी। वह रोज़ की तरह अपने कॉलेज के लिए निकली थी, तभी आरोपी ने रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने घटना का वीडियो तो बनाया, लेकिन किसी ने भी युवती को बचाने की कोशिश नहीं की। गंभीर रूप से घायल रितु को डायल-112 की मदद से सिविल अस्पताल बैहर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक मोतीनाला का रहने वाला है और ढाबा चलाता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे। कुछ समय पहले रितु ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज़ था। इसी नाराजगी में उसने यह जघन्य वारदात की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के मामले में FIR दर्ज की है। घटना स्थल से हथियार और मोबाइल जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं, प्रेम प्रसंग, पूर्व विवाद और मानसिक स्थिति की जांच कर रही है।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जब युवती पर हमला हो रहा था, तब किसी ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।

Next Post

मझौली बायपास सडक़ का निर्माण कार्य शुरू

Tue Nov 11 , 2025
मझौली। मझौली बायपास सडक़ का निर्माण कार्य अंतत: आज शुरु हो गया। धौंहनी विधायक के निर्देश एवं नगर पंचायत अध्यक्ष की पहल पर ईई पीडब्ल्यूडी ने मौके पर उपस्थित होकर कार्य शुरु कराया। बताते चलें कि नगर परिषद मझौली के बायपास का निर्माण कार्य 3 वर्ष के ज्यादा समय के […]

You May Like