
सिंगरौली। जिले के बैढ़न-बरगवां सड़क मार्ग पर आज दिन गुरुवार को एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर से लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। यह मार्ग बैढ़न का प्रमुख और व्यस्त रास्ता है, जिससे जाम की स्थिति में आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थार वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडसी 1512 बैढ़न से बरगवां की ओर जा रहा था, जबकि बलकर वाहन वाहन क्रमांक एमपी 19 जेड 7311 बरगवां से बैढ़न आ रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर ही फंस गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद वाहनों को हटाया गया, तब जाकर यातायात धीरे-धीरे बहाल हुआ। थाना प्रभारी मो. समीर ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
