
सीहोर. समीपस्थ अमलाहा टोल प्लाजा पर सोमवार की शाम आठ- दस लोगों ने जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान उन्होंने टोल प्लाजा मैनेजर सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इसके अलावा वहां खड़े वाहन और दफ्तर में भी तोडफ़ोड़ कर दी. पीडि़त टोल प्लाजा कर्मियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया जा रहा है. जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर क्षेत्र के कुछ युवा अमलाहा टोल प्लाजा पर पहुंचे और अपने कर्मशियल वाहनों को टोल से मुक्त करने की मांग की. टोलकर्मियों ने ऐसा करने में असमर्थता जताई. उस वक्त तो युवक वहां से चले गए, लेकिन शाम पांच बजे झुंड के रूप में पहुंचे युवकों ने टोल प्लाजा पर जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान उन्होंने टोल प्लाजा मैनेजर नयन तिवारी के अलावा दो अन्य कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की. इसके अलावा वहां खड़े एक वाहन में भी नुकसान पहुंचाया व टोल प्लाजा के दफ्तर में भी तोडफ़ोड़ की घटना को अंजाम देकर भाग निकले. सूचना मिलने पर अमलाहा पुलिस चौकी एवं आष्टा से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. पीडि़त टोल कर्मचारियों द्वारा आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है.
