जबलपुर:अधारताल थाना अंतर्गत महाराजपुर में एक महिला के साथ सरेराह मारपीट कर अवैध वसूली के उसे धमकाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को अभिरक्षा में ले लिया है।जानकारी अनुसार 28 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ समय पहले आरोपी वेदांत शुक्ला पिता पूरन शुक्ला, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की उज्जैन में नौकरी लगवाई थी। लगभग 15 दिन पहले उज्जैन से वापस आने के बाद आरोपी महिला को बातचीत करने के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
बीती रात जब महिला शिव मंदिर के पास टहल रही थी, तब वेदांत ने उसे रोककर अवैध रूप से 2 हजार रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के साथ मारपीट की, जिससे उसके दाहिने हाथ की उंगलियों में चोट आई है। इस दौरान आरोपी ने महिला का मोबाइल भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी वेदांत शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
