
जबलपुर। संस्कारों की नगरी संस्कारधानी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में जमकर लोगों ने योग के प्रति अपना जोश दिखाया। शहर में सुबह से ही योग करने के लिए लोग अपने-अपने स्थान पर पहुंचे और उन्होंने समय पर पहुंचकर योगासन किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में पूरे शहर में जगह-जगह से योग और अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए,जिसमें लोगों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ मुख्य कार्यक्रम
ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिये योग की थीम पर किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास “योग संगम” का जिले का मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित रानीताल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के इन्डोर हॉल में आयोजित किया गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास तथा प्राणायाम किया। सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ अभिलाष पांडे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड भी इनमें शामिल थे।
