
सिंगरौली। ऊर्जाधानी में आज दिन गुरूवार की दोपहर के बाद मानसून ने दस्तक दे दिया है। खिरवा, मोरवा, जयंत व बैढ़न अंचल में करीब एक घंटे समय तक बदरा बरसा है। इस दौरान यूपी के सीमावर्ती जयंत बनिया नाला उफान पर आ गया है। जहां घंटे भर से अधिक समय तक आवागमन बाधित रहा है। वही एनटीपीसी विंध्याचल परिसर के भी कई नाले उफान पर थे।
दरअसल पिछले सप्ताह से ही जिले में मानसून के दस्तक दिये जाने को लेकर लोगबाग व अन्नदाता प्रतिक्षा में थे और अटकले भी लगा रहे थे कि मानसून किसी भी दिन अपने आमद दे सकता है। दो दिन पूर्व से ही जिले के चितरंगी व दुधमनिया तहसील क्षेत्र समेत कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई थी। जहां खेतों व गड्ढे कुछ देर तक के लिए पानी से लबालब भर जाने के कारण चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था। पिछले 48 घंटे से आसमान में काले बादल मड़रा रहे थे और मौसम भी काफी ठण्ड हो गया था। यहां तक कि बीते दिन कल बुधवार की दोपहर के बाद सूर्य देवता के दर्शन हुये थे। इसके बाद आज दिन गुरूवार की सुबह से ही आसमान में काले बादल मड़रा रहे थे। अनुमान लगाया जा रहा था कि शीघ्र ही बारिश हो सकती है। दोपहर होते-होते तेज चमक-गरज के साथ दुधमनिया तहसील क्षेत्र के खिरवा, बिरकुनिया के साथ-साथ मोरवा, पंजेरह के अलावा जयंत व बैढ़न इलाके में तेज मूसलाधार झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है। यहां तक कि करीब एक घंटे तक तेज व रिमझिम हुई बारिश से ननि क्षेत्र की नालियां भी तमतमा गई। वही जयंत के बनिया नाला भी कुछ देर तक के लिए उफान पर रहा है। फिलहाल यही माना जा रहा है कि मानसून ने ऊर्जाधानी में दस्तक दे दिया है और आगे आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना है। जिले में आज 27.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। साथ ही बिलौंजी कॉन्वेंट स्कूल चौराहा के पास जाम नाली का पानी व कचरा सड़क पर फैलने से रहवासियों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं।
अन्नदाताओं के चेहरे पर खुशी, धान बीज डालने की तैयारी शुरू
ऊर्जाधानी में मानसून के दस्तक देते ही किसानों के चेहरे खिलने लगे। वही अन्नदाता मानने लगे हैं कि मानसून दस्तक दे दिया है। इस लिहाज से अन्नदाता धान की बीज डालने की तैयारी में जुट गये हैं। बाजारों के खाद्य-बीज दुकानों में अन्नदाता धान की बीज खरीदने के लिए लाईन में लग रहे हैं। जिले के कई जगह डूप्लीकेट धान बिक रही है, अच्छी किस्म की बीज बताकर नकली बीज बिक्री कर रहे हैं। वही आरोप है कि कृषि विभाग अमला मौन है। जबकि हर वर्ष ऐसे शिकायते मिलती रहती हैं कि नकली खाद्य-बीज की बिक्री जोरों से की जाती हैं। फिर भी मैदानी कृषि अमला ऐसे खाद्य-बीज दुकानों के बिक्रेताओं पर नकेल कसने में कोई दिलचस्पी नही दिखाता है। इसके पीछे कारण जो भी हो, लेकिन कई अन्नदाताओं को नकली बीज खरीदनी पड़ती है।
आज और कल दोनों दिन बारिश की है संभावना
मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि आज दिन गुरूवार को सिंगरौली अंचल में करीब 45 मिनट तक बारिश होगी और हुई भी। उधर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कल दिन शुक्रवार एवं शनिवार को भी बारिश होगी। जिसमें कल भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। माना जा रहा है कि मानसून के इस आगाज से प्रशासन भी तेज बारिश एवं बाढ़ से निपटने के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुट जाएगा। हालांकि कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने बाढ़ से निपटने के लिए अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश जारी किया है। साथ ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिये गये हैं। बाढ़ का सबसे ज्यादा असर चितरंगी के सोनतीर इलाके में रहता है। जहां सोन नदी के बाढ़ का खतरा मड़राता रहता है। हालांकि पिछले वर्ष के बाढ़ जैसे स्थिति निर्मित नही हुई थी।
