
इंदौर. न्यू पलासिया में गुरुवार दोपहर अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया जब तेज हवा और बारिश के बीच एक विशाल पुराना पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना करीब दोपहर एक बजे की है. पेड़ इतनी तेजी से गिरा कि वहां से गुजर रही दो स्कूटी और दो चारपहिया वाहन उसकी चपेट में आ गए. स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया. गनीमत रही कि दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया.
घटना के बाद न्यू पलासिया चौराहे पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया था. बिजली का पोल भी पेड़ के साथ झुक गया, जिससे आसपास के हिस्से की बिजली आपूर्ति पर खतरा मंडरा गया. सूचना मिलते ही बिजली कंपनी और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया. तकरीबन एक घंटे बाद रास्ता पूरी तरह साफ हो पाया. घटना स्थल के पास एक शॉप चलाने वाले मोइन खान ने बताया कि घटना दोपहर 12:45 के करीब हुई. बारिश के साथ तेज हवा चल रही थी और तभी एक जोर की आवाज आई देखा तो पेड़ पूरी तरह सड़क पर गिरा पड़ा था. एक कार तो पूरी तरह पेड़ के नीचे दब गई, जबकि एक दूसरी कार को आंशिक नुकसान हुआ. वहीं स्कूटी सवार दोनों युवक पेड़ गिरने के ठीक समय पर गुजर रहे थे, जिससे वे उसकी चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर कुछ सेकंड का फर्क होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. यह पेड़ काफी पुराना था और पहले भी इसकी हालत को लेकर नगर निगम को सूचित किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. अब फिर से सवाल उठ रहे हैं कि शहर में ऐसे जर्जर और झुके हुए पेड़ों की समय रहते छंटाई और सुरक्षा उपाय क्यों नहीं किए जाते? फिलहाल, इलाके में स्थिति सामान्य है लेकिन स्थानीय रहवासियों ने मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाया जाए, ताकि जान-माल का नुकसान रोका जा सके.
