आवारा मवेशियों का आतंक: सांड के हमले में 78 वर्षीय वृद्धा गंभीर घायल

शुजालपुर, शहर में आवारा मवेशियों का बढ़ता आतंक लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है. नगर पालिका द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है. ताजा मामला ब्रज नगर कॉलोनी का है, जहां एक आवारा सांड के हमले में 78 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है.

जानकारी के अनुसार ब्रज नगर कॉलोनी निवासी 78 वर्षीय वृद्ध महिला मथूरा देवी परमार प्रतिदिन की तरह अलसुबह लकड़ी के सहारे घर के आसपास टहलने निकली थीं. नियमित रूप से सुबह की सैर करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है, ताकि स्वास्थ्य बेहतर बना रहे. इसी दौरान कॉलोनी के मार्ग पर पीछे से आए एक आवारा सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया. सांड ने उन्हें इतनी जोर से टक्कर मारी कि वे हवा में उछलकर सडक़ पर जा गिरीं. घटना के समय वहां से गुजर रही एक महिला ने साहस का परिचय देते हुए सांड को भगाया और घायल वृद्धा को सहारा देकर उनके घर तक पहुंचाया. हमले में वृद्धा के होंठ से खून बह रहा था और उन्हें पैरों में तेज दर्द की शिकायत थी. परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्थि रोग विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचे. जांच में पता चला कि हमले के कारण वृद्धा के दोनों पैरों तथा एक हाथ में फ्रै क्चर हो गया है. चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है. घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने बताया कि शहर की कई कॉलोनियों और मुख्य सडक़ों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है. सांड और अन्य मवेशी राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल है. इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा आवारा पशुओं को पकडऩे और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कोई प्रभावी एवं स्थायी अभियान नहीं चलाया जा रहा है.

 

इनका कहना है

सडक़ों पर व सार्वजनिक स्थानों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा या विचरण न हो इसके लिए कर्मचारियों का पाबंद किया जाएगा, साथ ही शहरी सीमा से इन आवारा मवेशियों को बाहर करने के प्रयास किए जाएगें.

– ओम त्रयंबकेश्वर मिश्रा, सीएमओ, शुजालपुर

Next Post

सिंचाई के लिए मोटर चालू करने गए युवक को लगा करंट, मौत

Fri Jul 3 , 2026
शाजापुर, जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीमुल्ला में शुक्रवार शाम खेत पर पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ. परिजन और ग्रामीण युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचेए जहां […]

You May Like