आईसीयू में भर्ती कराने के बाद 10 माह की बच्ची की मौत

सिंगरौली। जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में आज मंगलवार को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के गोवरदहा निवासी 10 माह की बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्ची को बुखार, उल्टी और जुकाम की शिकायत थी। उपचार के लिए वे दोपहर करीब तीन बजे बच्ची को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे थे।

परिजनों के अनुसार बच्ची प्रिंसी पाल पिता रमेश कुमार पाल को चिकित्सक एपी पटेल को दिखाया गया। चिकित्सक ने जांच के बाद परिजनों को डॉ. रामपाल से मिलकर बच्ची को आईसीयू में भर्ती कराने के लिए कहा। परिजन डॉ. रामपाल के पास पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को आईसीयू में ले जाने के लिए कहते हुए स्वयं पांच मिनट में वहां पहुंचने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि बच्ची को आईसीयू में ले जाने के बाद चिकित्सक काफी देर तक वहां नहीं पहुंचे। शाम करीब 5:30 बजे डॉ. रामपाल ने परिजनों को बच्ची की मौत होने की जानकारी दी। अचानक बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर चिकित्सकीय उपचार और निगरानी मिलती तो बच्ची की जान बच सकती थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग की है। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकीय व्यवस्था को लेकर पूर्व में भी शिकायतें और विवाद सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Next Post

विदाई के बाद भी सूचना पट्ट पर अधिकारियों के नाम कायम

Tue Sep 22 , 2026
आगर-मालवा,  जिला कलेक्ट्रेट भवन में लगे सूचना पट्ट पर अधिकारियों की जानकारी अपडेट नहीं होने का मामला सामने आया है. सूचना पट्ट पर सहायक लोक सूचना अधिकारी के रूप में दर्ज किरण बरवडे, डिप्टी कलेक्टर का स्थानांतरण हो चुका है, जबकि अपर कलेक्टर आरपी वर्मा 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त […]

You May Like