इंदौर:शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आला अफसर जिस तरह मेहनत करते आ रहे है वहीं कुछ निगम कर्मियों की लापरवाही के कारण आमजन को सड़क पर फैली गंदगी का सामना करना पड़ता है. इससे होने वाली समस्या से क्षेत्रवासियों को खासी परेशानी उठानी पड़ती है.मामला बॉम्बे बाज़ार के नया पीठा क्षेत्र का है. यह क्षेत्र वार्ड क्रमांक 68 में आता है. सदियों पुराना यह क्षेत्र आज भी तंग गलियों और घनी आबादी वाला है.
नया पीठा के मुख्य मार्ग के बीचो-बीच गटर के कचरे का अंबार लगा दिखाई दिया. पता लगाने पर ज्ञात हुआ की कुछ दिनों से नाले का सफाई कार्य चल रहा है और सड़क पर फैल रहा गंदा कचरा उसी नाले में से निकाला गया है. बात यहीं नहीं थमी. सफाईकर्मी द्वारा नाले से निकली हुई गाद को एक तरफ या ओपन कचरा वाहन में न डालते हुए बीच सड़क पर ही फेंक रहे है जिसे अभी तक नहीं उठाया गया है. लापरवाही बरतते हुए फैंके गए इस कचरे से क्षेत्र के आसपास दुर्गंध और मच्छर फैल रहे हैं. बीच सड़क पर फैला यह कचरा आने-जाने वाले राहगिरों और वाहन चालकों की परेशानियां बढ़ा रहा है.
इनका कहना है
प्रधानमंत्री का स्वच्छ भारत अभियान जारी है और आप देख सकते हो कि नगर निगमकर्मी किस तरह इस अभियान पर बट्टा लगा रहे है. कचरा बीच सड़क पर ही छोड़ दिया.
– उबैद मंसूरी
नया पीठा क्षेत्र पूरा लावारिस है. न कोई दरोगा न कोई झेड ओ है. सफाईकर्मी भी नहीं आते. एक-एक महीने कचरा नहीं उठता है. कर्मचारी सफाई के पहले पैसे की मांग करते है.
– मोहम्मद युसूफ राजा
इतना कचरा सड़क पर फेंका गया है कि उससे होने वाली बीमारियां छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है. हाथों-हाथ कचरा गाड़ी में डालकर ले जाना चाहिए सड़क.
– मोहम्मद अनिस
