
नीरज कुमार मिश्रा
भोपाल। NTA ने शनिवार को नीट यूजी के परीक्षा परिणाम जारी दिए हैं. इस परीक्षा में राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय के 14 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है. इनमें कुछ विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद भी अपना हौसला नहीं खोया. पढ़ाई के लिए प्रति लगन और मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन में इस महत्वपूर्ण परीक्षा में सफल हुए हैं.
इस अवसर पर शासकीय विद्यालय के प्राचार्य सुधाकर पाराशर ने परीक्षा में चयनित सभी विद्यार्थियों को भावी जीवन की शुभकामनाएं दी है. प्राचार्य पाराशर ने बताया कि नीट में चयनित हुए बच्चों की मेहनत ने उन्हें सफलता तक पहुंचाया है. उन्होंने बताया कि इन बच्चों ने हायर सेकेंडरी की परीक्षा में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए नीट की परीक्षा में अपनी प्रतिभा दिखाई है. बच्चों के अभिभावकों द्वारा भी उनकी लगन और परिश्रम को लेकर प्रशंसा की जा रही है.
विद्यार्थियों के नाम अंक रैंक
1. प्रिंस साकेत – 483 2168
2. देवांशु दुबे – 525 3309
3. मुस्कान सोनी – 556 4080
4. मोहम्मद साद खान – 553 4638
5. अनुज डांगी – 535 9174
6. शैलेश तिवारी – 524 3413
7. वेद प्रकाश साहू – 521 14168
8. श्रष्टि शाक्य – 519 15436
9. वेद राजपाई – 516 4338
10. प्रयाग सिंह – 476 10292
11. ईश्वर नरे – 291 15236
12. प्रणव साहे – 512 18603
13. प्रियंशी भार्गव – 473 10909
14. अनोखी केशरवानी – 476 10243
पिता कारीगर, बेटा बनेगा डॉक्टर
नीट परीक्षा में 2168 कैटगरी रैंक प्राप्त प्रिंस साकेत विद्यालय के हास्टल में रहकर पढ़ाई करते हुए सफलता हासिल की है. प्रिंस वर्तमान में पुणे में रहकर अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए है. प्रिंस के पिता रामयज्ञ साकेत कारीगिरी का काम करते हुए अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रामयज्ञ साकेत ने बताया कि वह मऊगंज के नकटा गांव में रहते हैं. उनके पुत्र प्रिंस ने 10वीं तक की पढ़ाई गांव में रहकर की है. बेटे की सफलता पर उन्होंने खुशी जाहिर की है.
किसान के बेटे ने परीक्षा में पाई सफलता
परीक्षा में चयनित छात्र दिव्यांशु दुबे ने 3309 कैटेगरी रैंक प्राप्त की है. दिव्यांशु ने बताया कि सुपर 100 कोचिंग के सहयोग से स्कूल के हास्टल में रहते हुए उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी. मूलतः रीवा जिले के गुढ़ तहसील के ग्राम हरदी निवासी दिव्यांशु के पिता चंद्र कुमार दुबे किसान हैं. बेटे की सफलता पर चंद्र कुमार ने स्कूल और कोचिंग के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया है.
पिता पैरालाइज्ड, बड़ी बहनों ने कपड़े सिलकर पढ़ाया
सुभाष स्कूल की ही छात्रा मुस्कान सोनी ने 4080 कैटेगरी रैंक प्राप्त की है. मुस्कान ने बताया कि स्कूल के हास्टल में रहकर उन्होंने अब तक की अपनी पढ़ाई पूरी की है. मूलतः मैहर के पास मितगौती की रहने वाली मुस्कान ने बताया कि उनके पिता के पैरालाइज्ड होने के चलते उनकी बड़ी बहनों ने घर को संभालने की पूरी जिम्मेदारी उठाई है. उनकी बहनें कपडे सिलने का काम करते हुए मुस्कान और उनके छोटे भाई की पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया है
डॉक्टर बनने पढ़ाई पर किया फोकस
छात्रा प्रियांशी भार्गव की कैटगरी रैंक 10909 हैं. नीट परीक्षा परिणाम में रिजल्ट को लेकर प्रियाशी ने बताया कि उन्होंने अधिकतम समय पढ़ाई में दिया है. मूलतः बेगमगंज का रहने वाला प्रियांशी का परिवार भोपाल में किराए के मकान में रहता है. प्रियांशी के पिता सेल्समैन का कार्य करते हुए अपने परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं. प्रियांशी को अपने पिता पर नाज है.
