नयी दिल्ली 13 जून (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर वित्तीय अपराधों पर ऑपरेशन चक्र-5 के तहत की जा रही देशव्यापी कार्रवाई में साइबर संगठित निवेश धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में शुक्रवार को दिल्ली, हिसार, लखनऊ, मुंबई, पुणे और नासिक में 10 स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने शुक्रवार को बताया कि यह गिरफ्तारी मुंबई में कल्याण में की गयी है। यह आरोपी साइबर अपराधी नेटवर्क को प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और ‘म्यूल बैंक खाते’ की आपूर्ति करने में सक्रिय रूप से शामिल था। तलाशी के दौरान उसके पास से अच्छी खासी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
सीबीआई के अनुसार यह मामला एक सुनियोजित धोखाधड़ी से संबंधित है, जिसमें फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से अनजान व्यक्तियों को ठगा गया। अपराधियों ने प्रतिष्ठित सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों को रियायती दरों पर देने का वादा करके निर्दोष निवेशकों को धोखे से लुभाया। पीड़ितों द्वारा मेहनत की कमाई का निवेश किये जाने के बाद, आरोपियों ने उक्त धन का दुरुपयोग किया, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ।
तलाशी के दौरान सीबीआई ने आरोपी व्यक्तियों के परिसरों से आपत्तिजनक डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए जिससे निर्दोष निवेशकों को ठगने के लिए नियोजित जटिल कार्यप्रणाली का पर्दाफाश हुआ है।
ऑपरेशन चक्र-5 साइबर अपराध सिंडिकेट और अपराधों को बढ़ावा देने वाले आधारभूत ढांचे को खत्म करने के लिए सीबीआई की अटूट प्रतिबद्धता को बताता है। मामले की जांच जारी है।
