मुंबई (वार्ता) स्पार्क मिंडा समूह की प्रमुख कंपनी मिंडा कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भारतीय बाजार के लिए एडवांस ऑटोमोटिव स्विच बनाने के उद्देश्य से जापान की टॉयोडेन्सो कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम बनाने की बुधवार को घोषणा की।
कंपनी ने शेयर बाजारों के विनियामक फाइलिंग में यह जानकारी देते हुये कहा कि यह साझेदारी भारतीय बाजार के लिए दोपहिया, यात्री कारों और अन्य ऑटोमोटिव सेगमेंट के लिए ऑटोमोटिव स्विच के डिजाइन, विकास, विनिर्माण और विपणन सहित एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करेगी।
इस संयुक्त उद्यम में मिंडा कॉर्पोरेशन के पास 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस तरह नवगठित उद्यम में बहुमत हिस्सेदारी होगी। नए संयुक्त उद्यम को भारत में ग्राहकों से पहले ही ऑर्डर मिल चुके हैं। यह ग्रीनफील्ड प्लांट दिल्ली एनसीआर के नोएडा में स्थापित किया जाएगा और वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही तक परिचालन शुरू होने की उम्मीद है।
यह साझेदारी भारतीय ऑटोमोटिव क्षेत्र में उन्नत स्विच की बढ़ती मांग को पूरा करने और कंपनी के सहक्रियात्मक उत्पाद पोर्टफोलियो और ग्राहकों के लिए नए उत्पादों और प्रौद्योगिकियों के स्थानीयकरण के अनुरूप रणनीतिक रूप से संरेखित है। इस साझेदारी के माध्यम से, टोयोडेंसो नई तकनीकें और उन्नत इंजीनियरिंग क्षमताएँ लाएगा, जबकि मिंडा कॉर्पोरेशन स्थानीयकृत विनिर्माण और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला पारिस्थितिकी तंत्र आदि में अपनी गहन विशेषज्ञता के साथ योगदान देगा।
