साओ पाउलो, 09 जून (वार्ता) पैराग्वे के मैनेजर गुस्तावो अल्फारो ने कहा है कि उनकी टीम ब्राजील के खिलाफ अपने महत्वपूर्ण विश्वकप क्वालीफायर मुकाबले में इस विश्वास के साथ उतरेगी कि खेल के सबसे बड़े मंच ‘विश्वकप’ में जगह बनाना उसकी पहुंच में है और उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है।
साओ पाउलो के कोरिंथियंस एरिना में मंगलवार को होने वाले क्वालीफायर मुकाबले से पहले अल्फारो ने कहा, “यह ऐसा मैच हैं जिनमें हमारे पास जीतने के लिए सब कुछ है और हारने के लिए कुछ भी नहीं है।”
उन्होंने कहा, “ब्राजील हमेशा एक मुश्किल प्रतिद्वंद्वी रहा है, लेकिन साथ ही हम जानते हैं कि अगर हम जीतते हैं तो हम वह हासिल कर सकते हैं जिसके लिए हम प्रयासरत रहे हैं। यह एक ऐसा सपना है जो 15 वर्षों से पूरा नहीं हुआ है।”
पैराग्वे, 10 टीमों के दक्षिण अमेरिकी समूह में 24 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जो चौथे स्थान पर मौजूद ब्राजील से दो अंक आगे है।
शीर्ष छह टीमें अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में अगले साल होने वाले विश्वकप के लिए सीधे क्वालीफाई करेंगी, जबकि सातवें स्थान पर रहने वाली टीम प्लेऑफ में जगह बनाएगी।
