भोपाल, 06 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड का कचरा धार जिले के पीथमपुर में नष्ट किए जाने के मामले को लेकर आज राज्य उच्च न्यायालय में हुई सुनवाई को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने जो कहा था, वही न्यायालय में भी कहा और सरकार अदालत के परिप्रेक्ष्य में ही आगे कदम बढ़ाती है।
डॉ यादव ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि हमने जो कहा था वही बात अदालत में भी रखी है। हमने कहा कि अदालत के निर्देशानुसार यूनियन कार्बाइड का कचरा पीथमपुर में शिफ्ट किया था। पीथमपुर में जन भावनाओं का, बाकी सभी पक्षों को सुनने का मौका मिलना चाहिए। अदालत ने इस बात को माना है और सभी पक्षों को सुनने के बाद 6 सप्ताह का वक्त दिया है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय ने जो फैसला दिया है, वह सरकार की मंशा को जानकर दिया है। सरकार अदालत के परामर्श के बाद ही आगे बढ़ेगी। सब की आस्था और विश्वास अदालत में है। उन्होंने आगे कहा कि सभी पक्षों को न्यायालय के सामने अपनी बात रखना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी कहा कि वे अदालत के सामने अपनी बात रखें, अभी समय है।

