नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि जीडीपी में कृषि के योगदान में बढ़ोतरी से विकसित देश का सपना साकार होगा।
श्री गडकरी यहां ‘क्रॉप केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के 62वें वार्षिक सामान्य बैठक (एनुअल जनरल मीटिंग) के कार्यक्रम में कहा कि वर्तमान में देश की जीडीपी में कृषि का योगदान 18 प्रतिशत है, जबकि मैन्युफैक्चरिंग का 24 से 26 प्रतिशत और सर्विस सेक्टर का 56 प्रतिशत योदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, देश् को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा देशवासी और सभी सेक्टर की औद्योगिक इकाई जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि देश में आज भी सबसे अधिक कार्यबल कृषि क्षेत्र में काम कर रहा है। ऐसे में विकसित देश के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जीडीपी में कृषि का योगदान 26 प्रतिशत होना चाहिए। जनसंख्या में बढ़ोतरी के साथ अनाज उत्पादन बढ़ाने के लिए काम करना होगा।
श्री गडकरी ने ‘क्रॉप केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के 62 साल पूरे होने पर कृषि क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पाद में बढ़ोतरी और उसकी सुरक्षा के लिए रसायन युक्त कीटनाशकों एवं दवाओं का प्रयोग जरूरी है। लेकिन इसके नकारात्मक प्रभावों से भी इनकार नहीं किय जा सकता। केमिकल के अधिक प्रयोग से हवा, पानी, मिट्टी पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। हवा और पानी में प्रदूषण से लोगों में संक्रमण बढ़ता जा रहा है। उन्होंने एक शोध का हवाला देते हुए कहा कि प्रदूषण के चलते दिल्ली के लोगों की औसत 10 साल कम हो गई है।
इस अवसर पर उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से रसायन युक्त कीटनाशक के विकल्प के रूप में बॉयो कीटनाशक, खाद, यूरिया के लिए शोध करने का आह्वान किया।
श्री गडकरी ने देश के किसानों की समृद्धि में इथेनॉल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में 1400 करोड़ लीटर इथेनॉल का उत्पादन किया गया, जिसमें से 75 फीसदी का का उपयोग देश में ही हुआ।
उन्होंने कहा कि गांवों की करीब 30 फीसदी आबादी शहरों में बस चुकी है। अगर गांवों का सतत विकास हुआ होता और वहां रोजगार के अवसर होते इतनी बड़ी संख्या में आबादी गांवों से शहरों में विस्थापित नहीं होती।
‘क्रॉप केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया’ के चैयरमैन दीपक शाह ने संस्था के योगदान के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्था के कृष्ण वीर चौधरी ने कहा कि कृषि में सुधार के लिए नकली उत्पादों पर रोकथाम जरूरी है। हालांकि यह राज्य का विषय है लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इसके लिए सामूहिक प्रयास से इस पर सफलता प्राप्त कर सकती है।
कार्यक्रम में एग्रीकल्चर कमिश्नर पीके सिंह, वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल, नटवरलाल पटेल, इमर्टिस के चेयरमैन राजू श्राफ समेत बड़ी संख्या में गणमान्य एवं किसान मौजूद थे।
